Republic Day Parade 2025 Live: गणतंत्र दिवस परेड का समापन, जमीन से आसमान तक दिखी भारत की शक्ति

Republic Day Parade 2025 Live: गणतंत्र दिवस परेड का समापन, जमीन से आसमान तक दिखी भारत की शक्ति

76th Republic Day of India News Updates in Hindi: भारत में 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। मुख्य समारोह कर्तव्य पथ पर आयोजित हुआ जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया। इस समारोह में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत के मुख्य अतिथि रहे। परेड में इंडोनेशिया के मार्चिंग दस्ते ने भी कर्तव्य पथ पर परेड की। जानिए गणतंत्र दिवस समारोह और देश में अन्य कार्यक्रमों से जुड़े अहम अपडेट्स

प्रधानमंत्री ने पेश किया अनुकरणीय उदाहरण

पीएम मोदी ने गणतंत्र दिवस परेड के दौरान एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। दरअसल स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ने कर्तव्य पथ से कचरा उठाया। जब प्रधानमंत्री, कर्तव्य पथ पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वागत में खड़े थे, तभी उन्हें जमीन पर कचरा दिखाई दिया। पीएम मोदी ने मिसाल पेश करते हुए तुरंत वो कचरा उठाया।

समुद्र की गहराई में फहराया तिरंगा

गुजरात में स्कूबा डाइवर्स ने 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर देवभूमि द्वारका में समुद्र की गहराई में तिरंगा फहराया।

गणतंत्र दिवस परेड का समापन

फ्लाइपास्ट के साथ ही गणतंत्र दिवस परेड का समापन हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति बग्घी में बैठकर कर्तव्य पथ से राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का अभिवादन किया और दर्शक दीर्घा में जाकर लोगों का अभिवादन किया।

वायसेना के विमानों ने किया फ्लाइपास्ट

भारतीय वायुसेना के विमानों ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ परेड के दौरान फ्लाइपास्ट किया। इस फ्लाइपास्ट में 40 विमान, 22 लड़ाकू विमान और 11 ट्रांसपोर्ट विमान, सात हेलीकॉप्टर शामिल हुए।

भारतीय सेना के जांबाज मोटरसाइकिल राइडर्स ने बनाए मानव पिरामिड

भारतीय सेना के जांबाज मोटरसाइकिल राइडर्स ने कर्तव्य पथ पर दिखाए करतब।

कर्तव्य पथ पर प्रलय मिसाइल का प्रदर्शन

कर्तव्य पथ पर पहली बार प्रलय मिसाइल को पेश किया गया। इसे भारत में ही डीआरडीओ और आरसीआई ने मिलकर बनाया है।

उत्तराखंड और हरियाणा की झांकी प्रदर्शित की गई

कर्तव्य पथ पर उत्तराखंड की भी झांकी पेश की गई। इस झांकी में राज्य की संस्कृति, प्राकृतिक खूबसूरती और पर्यटन को प्रदर्शित किया गया। कर्तव्य पथ पर हरियाणा की भी झांकी पेश की गई।

विभिन्न राज्यों और मंत्रालयों की झांकी का प्रदर्शन

गणतंत्र दिवस के जश्न में कर्तव्य पथ पर गोवा की झांकी प्रदर्शित की गई। साथ ही तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना की झांकी भी पेश की गई।